रिपोर्टर-अमित दीक्षित बदायूं
बदायूँ। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को बदायूँ शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बदायूँ सहित आसपास के कई जनपदों से आई आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा को देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं और नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा में भगवान शिव, माता काली, माता दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूप धारण किए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए बदायूँ पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके चलते शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी और भीड़ प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कल्पवृक्ष न्यूज़ की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल एवं फलों का वितरण भी किया गया। इस सेवा कार्य में कल्पवृक्ष न्यूज़ के संपादक अनुज कुमार गुप्ता का विशेष योगदान रहा। उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने हजारों श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाई।
सेवा कार्य में प्रदीप शर्मा, अमित दीक्षित, शौर्य, कृष्णा, युविका, उपासना तथा सपना वैश्य सहित अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी लोगों ने सराहना की।






