रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार देर रात करीब तीन बजे जमापुर चौराहा और चाचूपुर तिराहे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। फर्रुखाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार कांवड़िया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

घायल कांवड़िया की पहचान गौतम सैनी (25) पुत्र विनोद कुमार, निवासी ग्राम पाली, थाना पाली, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीआरवी-112 की मदद से घायल को जिला लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राजेपुर पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए यातायात को सुचारू कराया और किसी भी प्रकार का जाम नहीं लगने दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








