रिपोर्ट रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद
इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र की सीमा के निकट पांचाल घाट और चाचूपुर के बीच गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी में देखते ही दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर झड़प हुई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब सावन मेले के कारण हाईवे पर श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी आवाजाही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ, सड़क पर हंगामा होने से राहगीरों में भी दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष पांचाल घाट क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा पक्ष थाना राजेपुर क्षेत्र के बदनपुर गांव का बताया जा रहा है। झड़प के दौरान आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पांचाल घाट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया एवं जाम खुलवाया ! बाद में दोनों पक्ष थाना राजेपुर पहुंचे, जहां आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।








