रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र के डबरी के पास रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से डाक कांवड़ लेकर जा रहा 22 वर्षीय कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजेपुर सीएचसी से जिला अस्पताल लोहिया रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही कांवरियों के जत्थे में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज निवासी 22 वर्षीय विवेक कुमार करीब 35 कांवरियों के जत्थे के साथ पांचाल घाट से गंगाजल भरकर डाक कांवड़ लेकर गोला जा रहे थे। रविवार शाम इटावा-बरेली हाईवे पर डबरी के पास पहुंचने पर विवेक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कांवरिया को 108 एंबुलेंस से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर फार्मासिस्ट ज्ञानपाल ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विवेक कुमार को मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि विवेक दो भाइयों में बड़े थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, साथ चल रहे कांवरियों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








