कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

Casino Vibes

गंगा का जलस्तर फिर बढ़ा, 27 गांव बाढ़ की चपेट में; स्टीमर से पहुंचे अधिकारी

रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

अमृतपुर। गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से अमृतपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्र के करीब 27 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। मंगलवार देर शाम प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने स्टीमर से बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार और राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह स्टीमर से आशा की मढ़ैया और तीस राम की मढ़ैया पहुंचे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनके सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को गहरे पानी में जाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहद जरूरी होने पर ही नाव या स्टीमर का सहारा लिया जाए। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

राहत शिविर में 30 परिवारों को भोजन

बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए चित्रकूट स्थित रामनिवास महाविद्यालय में राहत शिविर बनाया गया है। मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे शिविर में रह रहे 30 परिवारों को भोजन और नाश्ता वितरित किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने स्वयं बाढ़ पीड़ितों को भोजन वितरित किया और उनका हालचाल जाना। अधिकारियों ने शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने बताया कि राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पशुओं के लिए भी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अध्यापकों को राहत शिविर में ही बच्चों को पढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों पर लगातार नजर, प्रशासन अलर्ट

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।

 

प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और निगरानी का कार्य लगातार जारी रहेगा। जरूरतमंद परिवारों तक समय से भोजन, आवश्यक सामग्री और अन्य सहायता पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें