रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर निबिया के पास बुधवार देर शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के निवासी अंकित पुत्र महेश, शिवम पुत्र गिरीश और आजाद पुत्र ओंकार एक ही बाइक से शाहजहांपुर से फर्रुखाबाद के पांचालघाट गंगाजल भरने आ रहे थे। इसी दौरान निबिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों कांवड़िए सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच-पड़ताल शुरू की। बताया गया कि तीनों कांवड़िए पांचालघाट पहुंचकर गंगाजल भरने के बाद गोला जाने की तैयारी में थे।

राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन कांवड़िए घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








