रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद एक बार फिर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। पानी कम होने से मार्ग पर आवागमन सामान्य होने लगा है। पुलिस ने दोनों ओर लगी बैरिकेडिंग हटाकर बड़े वाहनों के लिए भी रास्ता खोल दिया है।
गौरतलब है कि गंगा पार क्षेत्र में हर वर्ष बाढ़ का प्रकोप रहता है। इस वर्ष भी गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर दो स्थानों पर बाढ़ का पानी पहुंच गया था। चित्रकूट डिप पर पानी अधिक होने के चलते करीब एक सप्ताह से वाहनों का आवागमन बंद था और पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया था।

अब गंगा के जलस्तर में कमी आने के साथ चित्रकूट डिप पर भी पानी कम हो गया है। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग हटाकर मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया। बड़े वाहन भी अब इस मार्ग से निकलने लगे हैं।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर स्थित चित्रकूट डिप को पूरी तरह चालू कर दिया गया है। अब इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से शुरू हो गया है।








