रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र के इमादपुर पमाराम गांव में घरेलू विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। गांव निवासी आसाराम पुत्र तुलसीदास ने अपने बड़े भाई वीरेंद्र पर शराब के नशे में गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मारपीट में आसाराम के हाथ में चोट आई है।
पीड़ित ने मामले को लेकर राजेपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आसाराम का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने थाने में तैनात सिपाही मुकेश कुमार पर आरोपी को पकड़ने के नाम पर दो हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।
आसाराम के मुताबिक, रुपये मांगने के आरोप से परेशान होकर उसने थाने के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने युवक का उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, युवक ने जहरीला पदार्थ पीने की बात बताई थी। उपचार के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।
वहीं, पुलिसकर्मी पर रुपये मांगने के लगाए गए आरोप गंभीर हैं। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।








