रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र के फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत एक युवक बाढ़ के पानी की ओर जाने लगा। मौके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की नजर युवक पर पड़ गई। पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए बाढ़ के पानी में उतरकर युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर खींच लाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फर्रुखाबाद की ओर से एक युवक पैदल चित्रकूट डिप पर पहुंचा था। युवक नशे की हालत में बाढ़ के पानी की ओर बढ़ने लगा। उसे पानी में जाता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर युवक को पकड़ लिया और बाहर निकाल लिया।

युवक के बाढ़ के पानी में जाने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते युवक को नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और बाढ़ के पानी में जाने का प्रयास कर रहा था। पुलिसकर्मी ने तत्काल पानी में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक से पूछताछ कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।








