रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के चित्रकूट डैम के पास शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी बाइक खड़ी करने के बाद अचानक डैम के गहरे पानी में कूद गया। सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और गोताखोरों ने युवक को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की शाम करीब सात बजे सूचना मिली कि चित्रकूट डैम के पास एक युवक बाइक खड़ी करने के बाद गहरे पानी में कूद गया है। सूचना मिलते ही थाना राजेपुर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम और गोताखोरों ने गहरे पानी में काफी देर तक तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयास के बाद युवक को उसकी बाइक से करीब 200 मीटर की दूरी पर गहरे पानी से सकुशल बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान शोभित पुत्र फूल सिंह, निवासी शहाबुद्दीनपुर, थाना सवायजपुर, जनपद हरदोई, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने पारिवारिक समस्याओं के चलते मानसिक तनाव में होने की बात बताई।
पुलिस ने युवक की काउंसिलिंग करते हुए उसे जीवन के महत्व और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के लिए समझाया। साथ ही भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने युवक के परिजनों को तत्काल सूचना देकर उन्हें मामले से अवगत कराया। मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
युवक को सकुशल बचाने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गौरव शुक्ल, आरक्षी विलिश चौधरी ,आरक्षी विष्णु कुमार ,आरक्षी सोनू कुमार
राजेपुर पुलिस की तत्परता और गोताखोरों के साहसिक प्रयास से युवक की जान बच सकी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।







