रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। गंगा नदी का जलस्तर कम होने के बाद फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर रविवार को पुलिस प्रशासन ने यातायात बहाल कर दिया। करीब एक सप्ताह से डिप पर बाढ़ का पानी अधिक होने के कारण दोनों ओर से आवागमन बंद था।

इसके चलते वाहन चालकों को राजेपुर-डाबरी-जमापुर मार्ग से होकर फर्रुखाबाद जाना पड़ रहा था।
जलस्तर में कमी आने के बाद चित्रकूट डिप को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। इसके बाद छोटे-बड़े वाहन डिप से होकर गुजरने लगे। हालांकि, डिप पर अभी भी करीब एक फीट बाढ़ का पानी बह रहा है, जिसके चलते वाहन चालकों को सावधानी से निकाला जा रहा है।
चित्रकूट निवासी मंगल सिंह ने बताया कि बाढ़ का पानी लगातार कम हो रहा है। डिप चालू होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को राहत मिली है। सुरक्षा को देखते हुए सड़क के दोनों ओर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस की निगरानी में वाहन चालकों को धीमी गति से डिप पार कराया जा रहा है, ताकि पानी के तेज बहाव के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो। थाना राजेपुर के थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद चित्रकूट डिप पर यातायात शुरू करा दिया गया है। सुरक्षा के लिए दोनों ओर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और वाहनों को सावधानीपूर्वक पुलिस की निगरानी में निकाला जा रहा है।







