रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद/राजेपुर। गंगा और रामगंगा नदियों के बढ़े जलस्तर से अमृतपुर तहसील क्षेत्र में बने बाढ़ के हालात का जायजा लेने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह राजेपुर पहुंचे।

मंत्री ने राजेपुर ब्लॉक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद करीब 10 मिनट रुककर उनका काफिला आईटीआई कॉलेज दौलतपुर चकई के लिए रवाना हो गया।

राजेपुर ब्लॉक पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने मंत्री जयवीर सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया। मंत्री ने ब्लॉक प्रमुख से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित गांवों और लोगों को उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मंत्री के काफिले के ब्लॉक पहुंचने के दौरान गेट के बाहर वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने से कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम खुलवाया।
इसके बाद मंत्री जयवीर सिंह का काफिला आईटीआई कॉलेज दौलतपुर चकई पहुंचा। यहां आयोजित बाढ़ राहत सामग्री वितरण
कार्यक्रम में मंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने करीब 100 परिवारों को राहत सामग्री की किट वितरित की।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पहुंचाई जाएं।
उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनका समाधान कराने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अमृतपुर एसडीएम श्वेता साहू, राजेपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडे समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंत्री का काफिला कलेक्ट्रेट फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गया।







