रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र के वीरपुर हरिहरपुर गांव में शुक्रवार को बाढ़ के पानी के बीच सर्पदंश की घटना से हड़कंप मच गया। पति के लिए खाना लेने छत से नीचे उतर रही महिला को अचानक सर्प ने डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल 108 एंबुलेंस से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने महिला को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार वीरपुर हरिहरपुर निवासी करुणेश कुमार की पत्नी सोनी 45 वर्ष शुक्रवार को छत से नीचे उतरकर पति के लिए खाना लेने जा रही थीं। इसी दौरान नीचे मौजूद सर्प ने उन्हें डस लिया। महिला के सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मौके पर ही सर्प को मार दिया और उसे साथ लेकर सीएचसी राजेपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों को सर्प भी दिखाया गया।

सीएचसी में डॉक्टर हिमांशु राजपूत ने महिला का उपचार शुरू किया। हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ का पानी भरे होने के कारण इन दिनों गांवों में सर्प निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसे में ग्रामीणों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




