रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) फर्रुखाबाद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के नेतृत्व में जनसेवा का संकल्प धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है। संगठन की कमान संभालने के बाद से ही जनहित में लगातार चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को भरखा सलेमपुर चौराहे पर IMA और इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 400 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की बीमारियों का गहनता से परीक्षण किया।

जनता की सेवा और संवर्धन ही प्राथमिक उद्देश्य: डॉ. कविता शर्मा
जनसेवा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए IMA अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा ने कहा, “संगठन का प्रथम और मुख्य उद्देश्य आम जनता की निःस्वार्थ सेवा और उनके स्वास्थ्य का संवर्धन करना है। हमारी कोशिश है कि दूर-दराज और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा सकें। आगे भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।”
शिविर के दौरान IMA अध्यक्ष डॉ. कविता शर्मा के साथ सचिव डॉ. इमरान अली, डॉ. नावेद अलीम समेत चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मुस्तैद रही। स्थानीय लोगों ने डॉक्टरों की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।




