ब्यूरो रिपोर्ट
फर्रुखाबाद। जनपद में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मूसलाधार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों को सितंबर महीने में ही ठंड का एहसास होने लगा है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम ने लोगों को कुछ हद तक पहाड़ी इलाकों जैसा एहसास करा दिया।

लगातार हो रही बारिश का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा है। बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जनपद के कई क्षेत्रों में स्कूलों को बंद रखा गया। कस्बों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, तेज बारिश के चलते पांचालघाट–फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर भी बाढ़ जैसे हालात दिखाई दिए। सड़क पर जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश के बीच इसी मार्ग पर दो विशालकाय पेड़ भी अचानक टूटकर सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि पेड़ों की चपेट में कोई व्यक्ति या वाहन नहीं आया और किसी अप्रिय दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।

लगातार बारिश से जहां मौसम सुहावना और ठंडा हो गया है, वहीं जलभराव, पेड़ गिरने और आवागमन प्रभावित होने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से जलभराव वाले स्थानों पर जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने और गिरे पेड़ों को हटाने की मांग की है।




