रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में 48 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। अलीगढ़-बदायूं मार्ग पर नाशा पुल के पास पैदल घर लौट रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी जान चली गई। परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव भूढ़िया भेड़ा निवासी रामवीर पल्लेदारी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार देर शाम मजदूरी करने के बाद वह पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान नाशा पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले गई, जहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रामवीर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी आरती पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेसुध हो गईं। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी शाहजहांपुर में तय हुई थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार को बेटी की शादी की खुशियां मनानी थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




