रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता
फर्रुखाबाद। विप्लव पार्टी द्वारा फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘जन संवाद केंद्र’ अभियान को एक और नई मजबूती मिली है। रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अरविंद गुप्ता ने शहर के मोहल्ला रेतगंज में फर्रुखाबाद विधानसभा के 11वें कार्यालय (जन संवाद केंद्र) का फीता काटकर उद्घाटन किया और इसे जनता के लिए समर्पित कर दिया। इस नए केंद्र के संचालन और प्रभारी की जिम्मेदारी पंकज गुप्ता को सौंपी गई है।

इस अवसर पर डाॅ. अरविंद गुप्ता ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि विप्लव पार्टी का उद्देश्य राजनीति के माध्यम से सीधे जन-सामान्य से जुड़ना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
उन्होंने फर्रुखाबाद की प्रमुख समस्याओं—जैसे जर्जर सड़कें, पेयजल संकट, बदहाल स्वच्छता व्यवस्था और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की कमी—पर चिंता व्यक्त की।
डाॅ. गुप्ता ने कहा, “हमारा विजन फर्रुखाबाद को एक स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर क्षेत्र बनाना है। यह 11वाँ जन संवाद केंद्र केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके निस्तारण के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा।”
कार्यालय प्रभारी पंकज गुप्ता ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सदैव तत्पर रहेंगे और मोहल्ला रेतगंज तथा आसपास के क्षेत्रों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




