रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
चकमार्ग निर्माण से लेकर कंटीले तार हटाने, सरकारी हैंडपंप लगाने और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की उठाई मांग , क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा करणी सेना ने उपजिलाधिकारी (न्यायिक) राजेश कुमार पांडेय को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चकमार्ग का अधूरा निर्माण पूरा कराने, रास्ते में बाधा बन रहे पेड़ों और कंटीले तारों को हटवाने, अतिक्रमण समाप्त कराने के साथ ही स्वच्छ पेयजल और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

संगठन ने ज्ञापन में बताया कि चकमार्ग संख्या 732 कार्ययोजना में शामिल होने के बावजूद बजट के अभाव में निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। रास्ते में एक नीम और दो बेरी के पेड़ होने से आवागमन में परेशानी होती है। इसके अलावा चकरोड के किनारे खेतों की ओर लगाए गए कंटीले तार और रास्ते पर पशु बांधे जाने से भी लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने संबंधित विभाग से नियमानुसार कार्रवाई कर रास्ते को बाधामुक्त कराने की मांग की।
युवा करणी सेना ने चकमार्ग पर मनरेगा के तहत कार्य कराकर निर्माण पूरा कराने पर भी जोर दिया। वहीं, तालाब के किनारे बसे लोगों की पेयजल समस्या को देखते हुए सरकारी हैंडपंप लगवाने और मोहल्ले में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिल सकें।
ज्ञापन देने वालों में राजेपुर के ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञानू ठाकुर, करणी सेवा के दलबीर सिंह, मीडिया प्रभारी विवेक सिंह वशिष्ठ, गोविंद सिंह सोमवंशी, अभिषेक सिंह, मोहित सिंह, अतुल सिंह, सुशील सिंह, रामकुमार सिंह, शिवम सिंह, सुनील सिंह, वसंत, देव सिंह, सोहन सिंह, आदित्य सिंह और पुरमेश सिंह सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। संगठन की ओर से प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रीय लोगों को राहत दिलाने की अपील की गई।




