रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद थाना राजेपुर क्षेत्र के जैनापुर गांव के सामने इटावा-बरेली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में महिला और उसकी एक वर्षीय बेटी की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के जेठ सुनील कुमार ने ट्रक चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि ट्रक चालक बिना हार्न दिए गलत साइड से आया और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के अमेठी कोहना निवासी सुनील कुमार पुत्र मुंशीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई विमलेश कुमार उर्फ पिंकू (34) अपनी पत्नी पूजा देवी (30) और एक वर्षीय बेटी सुहानी उर्फ मोहिनी के साथ 10 अक्टूबर को शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र के बबक्करपुर स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। शाम करीब पांच बजे जैनापुर गांव के सामने इटावा-बरेली हाईवे पर पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
तहरीर के अनुसार, ट्रक संख्या UP-15GT-2673 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। आरोप है कि चालक बिना हार्न दिए गलत साइड से आया और पिकअप संख्या UP-83CT-7735 में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में विमलेश कुमार, उनकी पत्नी पूजा देवी और बेटी सुहानी के अलावा खंडौली निवासी राम औतार जाटव, मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र के गोदना निवासी पिकअप चालक अवनीश तथा नगला केहरी निवासी राजीव घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर पहुंचाया।
वहां चिकित्सक ने पूजा देवी और उनकी एक वर्षीय बेटी सुहानी उर्फ मोहिनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। मां-बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटी का अंतिम संस्कार किया। सुनील कुमार ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।




