रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
अमृतपुर विकासखंड राजेपुर क्षेत्र में बदहाल ग्रामीण सड़कों, गंगा-रामगंगा की कटान और जलभराव की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी श्वेता साहू को जनहित प्रार्थना-पत्र सौंपकर क्षेत्र के 35 मार्गों के निर्माण, पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नदी कटान रोकने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि राजेपुर क्षेत्र के कई गांवों में सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। कहीं वर्षों से निर्माण नहीं हुआ तो कहीं बाढ़ के पानी और कटान से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों पर गड्ढे और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
संगठन ने दहेलिया से सीढ़े चकरपुर मार्ग, बदायूं रोड से हरसिंहपुर-डायमंड मार्ग, कमालुद्दीनपुर से कटरी सधरा मार्ग, उजरामऊ मुख्य मार्ग, परतापुर कला मार्ग, अमृतपुर मुख्य मार्ग तथा कड़क्का बांध से भटौली मार्ग सहित अन्य संपर्क मार्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारियों ने मांग की कि संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति का आकलन करें और प्राथमिकता के आधार पर निर्माण व मरम्मत कार्य कराएं
ज्ञापन में गंगा और रामगंगा नदी से प्रभावित खरगापुर और कड़क्का क्षेत्र में कटान की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि नदी कटान से किसानों की कृषि भूमि और आसपास के क्षेत्रों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रभावित स्थलों का तकनीकी सर्वे कराकर कटानरोधी कार्य कराए जाने चाहिए।
वहीं राजेपुर कस्बे में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नालों और तालाबों की उचित निकासी व्यवस्था कराने की मांग की गई। संगठन ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम से चिह्नित मार्गों एवं कटान प्रभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने का आग्रह किया। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए कार्ययोजना तैयार कराकर आवश्यक स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग रखी।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राजेश उर्फ बबलू दीक्षित सुनील गिहार, अवधेश सिंह, राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह, आशीष यादव और इंतजार खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने जनहित से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।




