रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद थाना राजेपुर क्षेत्र के उजरामऊ गांव में शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। युवक को फंदे पर लटका देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे जमापुर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, उजरामऊ गांव निवासी शिवम (25) पुत्र ओमपाल सिंह जाटव शनिवार सुबह करीब 11 बजे खेतों की ओर से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने साड़ी के सहारे छत के कुंडे से फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।




