रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर कस्बे में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में खेल रहे बच्चे को कथित तौर पर कोबरा सांप ने हाथ में डस लिया। परिजन उसे आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजेपुर कस्बा निवासी आरजू पाल, जो ओम ब्रांडेड शू के नाम से दुकान चलाते हैं, का एक वर्षीय बेटा आरव सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर में खेल रहा था। उस समय बच्चे की मां पिंकी रसोई में खाना बना रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सांप ने बच्चे के हाथ में डस लिया।

करीब 20 मिनट बाद जब बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिरने लगा, तब मां को घटना की जानकारी हुई। परिजन तत्काल बच्चे को निजी वाहन से लोहिया अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से मां पिंकी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह गम में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आरजू पाल के एक बेटी और दो बेटे हैं। तीन बच्चों में सबसे छोटे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए घर पहुंच गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।




