रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। राजेपुर ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मतदान केंद्र पर क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। वहीं, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू भी मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारी मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दे रहे हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ब्लॉक सभागार परिसर के बाहर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात की गई है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की हैं।

मतदान केंद्र पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का पूरा जोर चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने पर है।





