रिपोर्टर – सत्यम राठौर फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। आवास विकास के लकूला स्थित कृषि विभाग कार्यालय में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के अंदर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आने पर घटना की जानकारी हुई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव राजा नगला निवासी 42 वर्षीय होशियार सिंह कृषि विभाग में चपरासी के पद पर तैनात थे। दीपावली के त्योहार को देखते हुए उनकी रात्रिकालीन ड्यूटी कार्यालय में लगाई गई थी। गुरुवार सुबह जब सफाई कर्मचारी कार्यालय में साफ-सफाई करने पहुंचा तो अंदर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर उसने तत्काल विभागीय अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की परिस्थितियों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कर्मचारी का शव मिला, वहां बाहर की तरफ चैनल लगा था और उसमें अंदर से ताला बंद था। ऐसे में कर्मचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह सवाल बना हुआ है।
मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई थी और उनके मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। सीओ सिटी अभय वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली।
उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने बताया कि होशियार सिंह विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे और उनकी रात्रि ड्यूटी लगाई गई थी। गुरुवार सुबह कार्यालय खोलने के दौरान अंदर से ताला बंद मिला। दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल कर्मचारी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



