कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

युवक की संदिग्ध मौत के बाद चाचूपुर-जटपुरा में बढ़ी सियासी हलचल, फर्रुखाबाद के जनप्रतिनिधियों ने किया दौरा

फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र स्थित ग्राम चाचूपुर-जटपुरा में युवक की संदिग्ध मौत के बाद भड़के बवाल को लेकर सोमवार को गांव में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। तनावपूर्ण हालात के बीच भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गांव और बाजार क्षेत्र में पैदल गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई।

बताया गया कि गांव निवासी बृजेश पुत्र बालकराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। शव उठाने को लेकर हुए विवाद के बाद माहौल बिगड़ गया और ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। इस दौरान पथराव, हंगामा और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत तथा अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य गांव पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रधान एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश राजपूत के आवास पर ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ गांव में पैदल गश्त कर ग्रामीणों को सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

सांसद मुकेश राजपूत और विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन हिंसा और बवाल में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

कड़ी सुरक्षा के बीच खुलवाई गई शराब की दुकान

हालिया बवाल के बाद बंद पड़ी कंपोजिट शराब की दुकान सोमवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच दोबारा खुलवाया गया। सुबह से ही क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस, पीएसी और अतिरिक्त फोर्स गांव व बाजार क्षेत्र में तैनात रही। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

कई दिनों से सन्नाटे में डूबे बाजार में भी सोमवार को धीरे-धीरे रौनक लौटती दिखाई दी। चाचूपुर चौराहे सहित आसपास के बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ी और दुकानें खुलनी शुरू हो गईं। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई और लगातार निगरानी करती रही।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, अराजकता करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें