कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

चाचूपुर कांड पर सपा की होगी एंट्री, अखिलेश यादव के निर्देश पर आज पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल

जनपद फर्रुखाबाद थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर में युवक बृजेश कुमार राजपूत की संदिग्ध मौत के बाद भड़के बवाल ने अब पूरी तरह राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। गांव में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती और तनावपूर्ण माहौल के बीच समाजवादी पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश स्तर से प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 12 मई 2026 को सपा का प्रतिनिधिमंडल फर्रुखाबाद पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल ग्राम चाचूपुर जाकर मृतक बृजेश कुमार राजपूत के परिजनों से मुलाकात करेगा और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाएगा।

सपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गांव के लोग लंबे समय से शराब ठेका बंद कराने की मांग कर रहे थे। इसी विवाद के बीच हुई घटना और उसके बाद ग्रामीणों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर पार्टी ने कई सवाल खड़े किए हैं। प्रतिनिधिमंडल गांव के लोगों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेगा और अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा।

प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, डॉ. जे.पी. सिंह वर्मा तथा अमृतपुर विधानसभा अध्यक्ष उदय प्रताप उर्फ भोला यादव को शामिल किया गया है।

चाचूपुर कांड के बाद गांव में अभी भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके हैं। गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है तथा प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। गांव में दहशत और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है, जबकि जरूरतमंद लोग ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।

राजनीतिक दलों की बढ़ती सक्रियता के बीच चाचूपुर मामला अब जिले की बड़ी राजनीतिक चर्चाओं में शामिल हो गया है। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को प्रदेश स्तर पर उठाकर सरकार और प्रशासन को घेरने की रणनीति बना रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी पहली प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें