कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

चाचूपुर पहुंचने से पहले सपा प्रतिनिधिमंडल रोका गया, पुलिस पहरे में पीड़ित परिवार से मुलाकात

रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर

फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर गांव में युवक बृजेश राजपूत की मौत और उसके बाद हुए बवाल को लेकर मंगलवार को राजनीतिक हलचल तेज रही। सुबह से ही समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। सपा प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने चाचूपुर जाने की तैयारी में था, लेकिन प्रशासन ने गांव की संवेदनशील स्थिति का हवाला देते हुए नेताओं को कार्यालय पर ही रोक दिया।

सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल सपा कार्यालय पहुंचा और नेताओं से वार्ता की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि गांव का माहौल अभी तनावपूर्ण है और किसी भी राजनीतिक गतिविधि से हालात बिगड़ सकते हैं। इसके बाद सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। नेताओं ने यह भी कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।

वार्ता के बाद प्रशासन ने सीमित संख्या में वाहनों को गांव जाने की अनुमति दी। पुलिस सुरक्षा के बीच सपा नेताओं का काफिला चाचूपुर पहुंचा, लेकिन गांव के बाहर चाचूपुर तिराहे पर अधिकांश वाहनों को रोक दिया गया। केवल दो गाड़ियों को गांव के अंदर जाने की अनुमति मिली। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।

प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, डॉ. जेपी सिंह वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष अमृतपुर उदय प्रताप उर्फ भोला यादव, प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा और जिला महासचिव इलियास मंसूरी समेत कई नेता शामिल रहे।

नेताओं ने मृतक बृजेश के पिता बालकराम, मां सावित्री, बहन कांति, प्रीति और नन्हीं से मुलाकात की। परिजनों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि घटना के दौरान भारी अफरा-तफरी मच गई थी और उन्हें अपने बेटे का चेहरा तक ठीक से नहीं देखने दिया गया। यह कहते हुए परिवार की महिलाएं फफक कर रो पड़ीं।

पीड़ित परिवार ने सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि बृजेश पर कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों, लात-घूसों और अन्य तरीकों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पार्टी ने एसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पर हमला और बवाल करने वाले लोग भाजपा से जुड़े थे, जबकि समाजवादी पार्टी इस तरह की राजनीति में विश्वास नहीं करती।

उधर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय, सीओ अजय वर्मा, थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अमृतपुर इंद्रजीत सिंह, थाना प्रभारी जहानगंज, थाना प्रभारी कादरीगेट सहित कई थानों की पुलिस और फोर्स मौजूद रही।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें