रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम भूढ़िया भेड़ा निवासी 24 वर्षीय अजीत पुत्र इंद्रपाल निजी स्तर पर पशुओं का इलाज करने का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे अजीत किसी काम से राजेपुर बाजार आया था। इसी दौरान उसने कथित रूप से सल्फास की दो गोलियां खा लीं।
सल्फास खाने के कुछ देर बाद राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पास उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क किनारे बेसुध होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अजीत को निजी वाहन से फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अजीत अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां किरन समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और लोगों में शोक व्याप्त है।
इस मामले में राजेपुर थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







