रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के चर्चित कुइयां गांव लूटकांड में रविवार देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया। घर में घुसकर लूटपाट, फायरिंग और सरिया से हमला कर दो भाइयों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस हिरासत से फरार हो गया। फरारी के कुछ ही घंटों बाद पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पहले सीएचसी राजेपुर और बाद में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान कुलवंत पुत्र अवध बिहारी (24 वर्ष) निवासी ग्राम बीबीपुर थाना इमलिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वह अपने साथी उमेश के साथ ग्राम कुइयां में लूटपाट की नीयत से घुसा था। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग और सरिया से हमला कर पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश पाठक के भतीजे वैभव पाठक और भानु प्रताप पाठक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों घायलों का इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है।

सीओ अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश कुलवंत और उसके साथी उमेश को पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मौका देखकर कुलवंत पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गईं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि फरार बदमाश निविया चौराहे से करीब 50 मीटर आगे जैनापुर की तरफ एक भट्टे के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली कुलवंत के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल विनय कुमार और कांस्टेबल वंश कुशवाहा भी घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी राजेपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को कब्जे में लेकर पहले सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







