सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी डकैत एहसान खान मारा गया। आरोपी हाल ही में हुई 5 लाख रुपये की लूट की वारदात के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
पुलिस के अनुसार एहसान खान पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत गंभीर अपराधों के 34 मुकदमे दर्ज थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया।
मुठभेड़ के दौरान चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार भी बाल-बाल बच गए। बदमाशों द्वारा चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं मुठभेड़ में एक SHO और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारा गया बदमाश क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुका था और उसके खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। एनकाउंटर के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा मामले की आगे की जांच की जा रही है।







