रिपोर्ट- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र की एक 18 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, उसे गांव से बहला-फुसलाकर एक बोलेरो वाहन में बैठाकर फतेहगढ़ स्थित एक होटल में ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिसके बाद पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने 14 अप्रैल 2026 को थाना राजेपुर में तहरीर देकर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक आरोपी अजीत पुत्र हलसिंह निवासी दारापुर को पचाल घाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।







