कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

सुबह 7:55 बजे सीएचसी राजेपुर पहुंचे डिप्टी सीएमओ, औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर

फर्रुखाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजेपुर में शनिवार सुबह डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. दीपक कटारिया ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह 7:55 बजे अस्पताल पहुंचकर उन्होंने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. कटारिया ने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ड्यूटी के दौरान कुछ स्वास्थ्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर डिप्टी सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले दो से तीन कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि सभी कर्मचारी समय से उपस्थित होकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।

 

बैठक के दौरान डॉ. कटारिया ने संस्थागत प्रसव से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रसव कार्यों से संबंधित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती प्रसूता महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रसूता महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा साफ-सफाई और देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे।

निरीक्षण के अंत में डॉ. दीपक कटारिया ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके अचानक निरीक्षण से अस्पताल कर्मचारियों में पूरे दिन हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें