रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद। जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के पिथनापुर कोटियापुर गांव में नामकरण संस्कार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात हुई हर्ष फायरिंग में टेंट मालिक समेत दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राममूर्ति के पुत्र के जन्म के उपलक्ष्य में नामकरण संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में गांव के ही 35 वर्षीय वीरेंद्र का टेंट लगा हुआ था। वीरेंद्र ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह भोजन कर रहा था, तभी समारोह के दौरान किसी व्यक्ति ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

इसी दौरान गांव निवासी मुकेश (25 वर्ष) पुत्र बड़े लल्ला भी गोली लगने से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वीरेंद्र को शनिवार सुबह डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मुकेश का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हर्ष फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान में जुटी हुई है।
थाना अध्यक्ष अमृतपुर ने बताया कि दोनों घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सवालों के घेरे में हर्ष फायरिंग
उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग पर सख्त प्रतिबंध के बावजूद शादी, जन्मोत्सव और अन्य समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिथनापुर कोटियापुर की घटना ने एक बार फिर ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







