38 वर्षीय इंद्रेश को सीएचसी राजेपुर में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिवार में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव शेराखार में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय ग्रामीण की बरसाती पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शेराखार निवासी इंद्रेश पुत्र नन्हेंलाल मंगलवार दोपहर अपने पशुओं को चराने के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान खेत के पास भरे बरसाती पानी में वह अचानक गिर पड़े। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें संभवतः दौरा पड़ गया, जिससे वह पानी से बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

खेतों में काम कर रहे लोगों ने उन्हें गिरते देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे तीन बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







