रिपोर्टर- रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। अमृतपुर तहसील को नई उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिल गई हैं। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी श्वेता साहू ने मंगलवार को अमृतपुर तहसील में एसडीएम पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। झांसी से स्थानांतरित होकर फर्रुखाबाद पहुंचीं श्वेता साहू को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अमृतपुर तहसील की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम श्वेता साहू ने कहा कि अमृतपुर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, इसलिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में जिला एवं तहसील प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा रहेगा। राहत, बचाव और आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी संचालन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अमृतपुर क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम श्वेता साहू का स्वागत करते हुए उनके सफल, पारदर्शी और जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा बाढ़ जैसी चुनौतियों से बेहतर ढंग से निपटा जा सकेगा।







