रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर अमृतपुर
फर्रुखाबाद। जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर कॉलेज के शिक्षक की जान चली गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर के बाद उसका पिछला पहिया शिक्षक के सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव उदरनपुर निवासी 38 वर्षीय देवेंद्र विक्रम सिंह गणुआपुर स्थित अमर ज्योति इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वह गांव कांकरकठा में चिकित्सकीय सेवाएं भी देते थे।
बताया गया कि गुरुवार को वह किसी आवश्यक कार्य से बाइक द्वारा राजपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे बदायूं मार्ग पर राजपुर कस्बे के पास तेज रफ्तार डंपर के चेसिस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही देवेंद्र सड़क पर गिर पड़े और डंपर का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे।

राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी बबली, दो पुत्र सिद्धार्थ और देवांश को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।






