रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) के दौरान एक अहम सफलता हासिल करते हुए आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले की जांच को नई दिशा मिली है।

पुलिस के अनुसार, थाना राजेपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0-69/2026 में बीएनएस की धारा 309(4), 109(1), 331(4), 317(2) तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में नामजद अभियुक्त सेठ पुत्र बुद्धा, निवासी बीबीपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर, वर्तमान में जिला कारागार खीरी में निरुद्ध है।
माननीय न्यायालय से प्राप्त पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मुकदमे से संबंधित चोरी गया सामान बरामद किया गया।
बरामद सामान में दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक महिला की घड़ी, एक पर्स, एक आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं।
राजेपुर पुलिस ने बरामद माल को विधिवत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।






