रिपोर्टर रजत गुप्ता, संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद।
गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से अमृतपुर तहसील के थाना राजेपुर क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। चित्रकूट गांव के पास बदायूं–फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर करीब तीन फीट पानी भर जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। सड़क पर तेज बहाव होने के कारण पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक गौरव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण हाईवे को पूरी तरह सील कर दिया गया। पुलिस ने विशेष रूप से बाइक सवारों को बाढ़ के पानी से होकर निकलने से रोका और उन्हें सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाइक, कार, टेंपो, बस और भारी वाहनों को राजेपुर–डाबरी–जमापुर मार्ग से फर्रुखाबाद की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। पुलिस लगातार मौके पर मौजूद रहकर वाहनों को सुरक्षित दिशा में भेज रही है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बदायूं–फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर बंद मार्ग से गुजरने का प्रयास न करे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और जलमग्न सड़कों से दूर रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा बताए गए सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।








