रिपोर्टर रजत गुप्ता, संवाददाता राजेपुर
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू और थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

इस दौरान सबसे अधिक शिकायतें जमीनी विवाद, नाली-खड़ंजा और अवैध कब्जे से संबंधित सामने आईं। फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्वेता साहू ने राजस्व विभाग के लेखपालों को निर्देशित किया कि शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए और दोनों पक्षों की स्थिति को समझने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार तहसील और थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए संबंधित अधिकारी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
वहीं, थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में जुटे रहे।








