रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के ऊजरामऊ गांव में बंद मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। ताला तोड़कर घर में घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरात, पीतल के बर्तन, गृहस्थी का सामान और घर में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा तो दिल्ली में रह रहे मकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी।
ऊजरामऊ निवासी देशराज पुत्र नथु अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। वह करीब महीने में एक बार गांव आते हैं और बाकी समय मकान बंद रहता है। बीती रात अज्ञात चोरों ने इसी बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखे महिला के सोने के जेवरात, जिनमें मांगबेदी, नथनी, अंगूठी और हार शामिल हैं, चोरी कर लिए। इसके अलावा चांदी की तीन जोड़ी पायल, कमरबंद, पीतल के बर्तन और गृहस्थी का अन्य सामान भी समेट ले गए।
चोर घर में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी ले गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा तो देशराज को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह गांव पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच के दौरान मकान से करीब 100 मीटर दूर खेत में एक बक्सा पड़ा मिला। आशंका है कि चोर बक्सा खेत में ले गए और सामान निकालने के बाद उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
देशराज की तहरीर पर राजेपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटा रही है।








