रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र के डबरी चेक पोस्ट पर सोमवार को ट्रकों की लंबी कतार लग गई। शनिवार शाम से रोके गए ट्रक चालकों ने पुलिस से वाहनों को आगे रवाना किए जाने की गुहार लगाई। चालकों का कहना था कि वे कई घंटे से चौराहे पर खड़े हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रकों की संख्या बढ़ने पर डबरी चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना थाना राजेपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और ट्रैफिक प्रभारी मौके पर पहुंचे और ट्रक चालकों से बातचीत कर उन्हें समझाया। पुलिस ने चालकों को बताया कि फिलहाल वाहनों को आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं मिली है। अनुमति मिलते ही ट्रकों को चरणबद्ध तरीके से रवाना किया जाएगा।
बताया गया कि सावन के तीसरे सोमवार और मेले से लौटने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रकों को डबरी चेक पोस्ट पर रोका गया था। सोमवार को मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण हाईवे पर यातायात का दबाव बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हाईवे समेत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे।

पुलिस के अनुसार, अनुमति मिलने के बाद ट्रकों को एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से आगे रवाना किया जाएगा, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति न बने।








