रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास सोमवार को सड़क पार कर रहे ग्रामीण को ई-बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डबरी निवासी उदयवीर पुत्र तुलाराम (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायल को अस्पताल ले जा रहे निजी टेंपो में उनके परिजनों द्वारा लाठी-डंडों से तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। मामले के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार उदयवीर जानवरों के लिए घास लेने रामगंगा पुल के किनारे गए थे। घास लेकर वापस लौटते समय वह हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ई-बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उदयवीर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को निजी टेंपो से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजना शुरू किया। इसी दौरान घायल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस से नोकझोंक करने लगे। पुलिसकर्मियों ने परिजनों से पहले घायल को अस्पताल पहुंचाने देने की अपील की। आरोप है कि इसके बावजूद परिजनों ने लाठी-डंडों से टेंपो में तोड़फोड़ कर दी।

टेंपो क्षतिग्रस्त होने के बाद पुलिसकर्मियों ने घायल को किसी तरह राजेपुर सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उदयवीर को जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर वैभव यादव ने उदयवीर को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी में भी परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने की बात सामने आई है। दरोगा आशुतोष यादव द्वारा शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार, अमृतपुर थानाध्य दर्शन सिंह सोलंकी, थानाध्यक्ष कादरी गेट कपिल चौधरी और पांचालघाट चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार वैश्य भारी पुलिस बल के साथ डबरी पहुंचे। सीओ ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से डबरी चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पुलिस ने हादसे में शामिल ई-बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के बाद हुई तोड़फोड़ व हंगामे के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।









