कल्पवृक्ष टाइम्स
( राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र )

Rni UPHIN/2014/57244

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र

Rni UPHIN/2014/57244

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कल्पवृक्ष टाइम्स

बाइक की टक्कर से ग्रामीण की मौत, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रिपोर्टर रजत गुप्ता, संवाददाता राजेपुर

राजेपुर। इटावा-बरेली हाईवे पर थाना राजेपुर क्षेत्र के डाबरी गांव स्थित रामगंगा पुल के पास बाइक की टक्कर से एक ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डाबरी निवासी उदयवीर पुत्र तुलाराम (42) सोमवार को घर से जानवरों के लिए घास लेने रामगंगा किनारे गए थे। घास लेकर वापस लौटते समय वह रामगंगा पुल के पास हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उदयवीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद बाइक सवार बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को निजी टेंपो से राजेपुर सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उदयवीर को मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सरोज और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसआई आशुतोष कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पत्नी सरोज ने राजेपुर थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई महेश कुमार को सौंपी गई है।

Rajat Gupta
Author: Rajat Gupta

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें