रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आनंद उपाध्याय ने राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रमित राजपूत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने महिलाओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थी महिलाओं का शत-प्रतिशत भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी महिला को आर्थिक लाभ मिलने में परेशानी न हो।
सीएमओ ने सीएचसी में होने वाले ऑपरेशनों की संख्या की भी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी को ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने के साथ मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित फर्रुखाबाद दौरे को देखते हुए सीएचसी परिसर में सेफ हाउस तैयार करने की योजना पर भी चर्चा की गई। सीएमओ ने संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार, आवश्यक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।







