रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। गंगा का जलस्तर दोबारा बढ़ने से फर्रुखाबाद बदायूं स्टेट हाईवे स्थित चित्रकूट डिप पर बाढ़ का पानी फिर बढ़ गया है। डिप पर करीब तीन फीट पानी बहने के कारण पुलिस ने एहतियातन दोनों तरफ से आवागमन बंद करा दिया है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब फर्रुखाबाद जाने वाले वाहनों को राजेपुर-डबरी-जमापुर होकर निकलना पड़ेगा।

कुछ दिन पहले गंगा का जलस्तर कम होने के बाद चित्रकूट डिप से बाढ़ का पानी उतर गया था। इसके बाद पुलिस ने यातायात बहाल कर दिया था। लेकिन गंगा के जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी होने से डिप पर पानी का बहाव तेज हो गया और करीब तीन फीट पानी चलने लगा। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर डिप पार करने का प्रयास कर रहे थे।

स्थिति को देखते हुए राजेपुर पुलिस ने चित्रकूट डिप के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। राजेपुर चौराहे पर भी बैरियर लगाकर वाहनों को चित्रकूट की ओर जाने से रोक दिया गया है। पुलिसकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, ताकि कोई वाहन चालक या राहगीर पानी के बीच से निकलने का प्रयास न कर सके।
थानाध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि चित्रकूट डिप पर अधिक पानी चलने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से दोनों तरफ से आवागमन बंद कर दिया गया है। पुलिस की 24 घंटे तैनाती रहेगी। उन्होंने बताया कि फर्रुखाबाद जाने वाले सभी वाहन राजेपुर-डबरी-जमापुर मार्ग से होकर जाएंगे।








