रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
अमृतपुर। गंगा और रामगंगा नदियों के बढ़े जलस्तर से अमृतपुर तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में प्रशासनिक अमला लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रहा है। शनिवार को उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू ने ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

एसडीएम ने कडहर, खुटिया, हुसैनपुर, सिया और तेरा अकबरपुर पहुंचकर बाढ़ के पानी की स्थिति, ग्रामीणों के आवागमन और राहत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। कई स्थानों पर उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानी सुनी और प्रशासन की ओर से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए

कि बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी रखी जाए। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।

श्वेता साहू ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जाए तथा कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
एसडीएम ने ग्रामीणों से भी अपील की कि बाढ़ की स्थिति में सावधानी बरतें और किसी भी समस्या या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार गांवों में पहुंचने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की निगरानी और तेज हो गई है।







