रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। बाढ़ का पानी उतरते ही राजेपुर सीएचसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई। सोमवार को इलाज के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे, जिससे इमरजेंसी गेट के बाहर लंबी कतार लग गई। अस्पताल परिसर में भी मरीजों और तीमारदारों की भीड़ बनी रही।

मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच फार्मासिस्ट बृजेश मिश्रा इमरजेंसी में मरीजों को देखते नजर आए। मरीजों की जांच के बाद चिकित्सकीय सलाह देने के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। भीड़ बढ़ने पर स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।

बाढ़ के बाद जगह-जगह जलभराव और मौसम में बदलाव के चलते लोग बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट संबंधी समस्या समेत अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। पानी उतरने के बाद अचानक बढ़ी मरीजों की संख्या ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।




