रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर। हरदोई से सवारियां लेकर पानीपत जा रही स्लीपर बस को राजेपुर क्षेत्र में यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोक लिया। कागजात की जांच में चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर यातायात निरीक्षक (टीआई) ओम प्रकाश पांडेय ने बस का 22 हजार रुपये का चालान काटकर कार्रवाई की।

यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान बस के जरूरी दस्तावेजों की जांच की। चालक द्वारा दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर नियमों के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान चालक का अल्कोहल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर बस को आगे रवाना कर दिया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा के दौरान वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि चेकिंग के दौरान दस्तावेज नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





