रिपोर्टर रजत गुप्ता संवाददाता राजेपुर
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। थाना राजेपुर क्षेत्र के कड़क्का की मड़ैया में रविवार को 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आशीष उर्फ बहादुर पुत्र सुखपाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, आशीष पंजाब जाने की तैयारी कर रहा था। वह रेलवे स्टेशन गया था, लेकिन ट्रेन नहीं मिलने के कारण घर लौट आया। परिजनों के मुताबिक, वह शाम को दोबारा पंजाब जाने की तैयारी में था। इसी बीच वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद गांव के बच्चे बकरियां चराने के लिए मोहद्दीपुर बगिया की ओर पहुंचे। वहां उन्होंने आशीष को एक पेड़ पर अंगोछे के सहारे लटका देखा। बच्चों की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक जगदीश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया कि आशीष की शादी 8 मई 2026 को शिवानी (24) के साथ हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। आशीष छह भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर था। वह पेंटर का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। शादी के 6 महीने बाद उसकी मौत से पत्नी शिवानी का सुहाग उजड़ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





