राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के चित्रकूट गांव के निकट बदायूं मार्ग पर बीती रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण 33 केवी विद्युत लाइन के कई पोल टूट गए। पोल टूटने से विद्युत तार सड़क के ऊपर खतरनाक स्थिति में लटक गए, जिससे आवागमन कर रहे लोगों और वाहनों के लिए बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया।
जानकारी के अनुसार यह विद्युत लाइन अमृतपुर तहसील क्षेत्र को आपूर्ति करती है। तेज हवा और बारिश के चलते कई पोल क्षतिग्रस्त होकर सड़क की ओर झुक गए। पोल टूटने के बावजूद तार अन्य पोलों से जुड़े होने के कारण सड़क के ऊपर झूलते रहे। घटना के समय मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से जारी था और छोटे-बड़े वाहन लगातार गुजर रहे थे।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लटके हुए तारों के संपर्क में ट्रक एवं अन्य भारी वाहन आने की आशंका बनी हुई थी, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग सक्रिय हो गया। एसडीओ विनोद शुक्ला, विद्युत उपकेंद्र राजेपुर के अवर अभियंता हरिओम सिंह तथा विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने तत्काल हाइड्रा मशीन मंगवाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया।
विद्युत विभाग के अनुसार पोलों का निचला हिस्सा लंबे समय से जंग लगने के कारण कमजोर हो गया था। तेज आंधी और बारिश के दबाव से पोल टूट गए। विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने और विद्युत लाइन को सुरक्षित करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
एसडीओ विनोद शुक्ला ने बताया कि हाइड्रा मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त पोलों और विद्युत लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति को जल्द सामान्य किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत विभाग मौके पर नहीं पहुंचता तो सड़क पर लटके तारों के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों के साथ मरम्मत कार्य जारी है।







